Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

वुहान ओपन: वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी गुओ हान्यू ने सोराना सिर्स्टिया को हराया


वुहान (चीन), 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। मंगलवार को वुहान ओपन डब्ल्यूटीए टेनिस टूर्नामेंट में चीन की वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी गुओ हान्यू ने रोमानिया की 12वीं वरीयता प्राप्त सोराना सिर्स्टिया को हराया, जबकि एशियाई खेलों की चैंपियन वांग जियू को विंबलडन जूनियर चैंपियन मिया पोहांकोवा से हार का सामना करना पड़ा।

वुहान (चीन), 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। मंगलवार को वुहान ओपन डब्ल्यूटीए टेनिस टूर्नामेंट में चीन की वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी गुओ हान्यू ने रोमानिया की 12वीं वरीयता प्राप्त सोराना सिर्स्टिया को हराया, जबकि एशियाई खेलों की चैंपियन वांग जियू को विंबलडन जूनियर चैंपियन मिया पोहांकोवा से हार का सामना करना पड़ा।

विंबलडन डबल्स चैंपियन गुओ ने सिर्स्टिया के खिलाफ 1-6, 7-6(6), 7-5 से जीत हासिल कर दूसरे दौर में जगह बनाई। यह उनके करियर में किसी टॉप-20 खिलाड़ी के खिलाफ पहली जीत थी, साथ ही वुहान के मेन-ड्रॉ सिंगल्स मैच में भी उनकी पहली जीत थी। गुओ ने कहा, "यह बहुत मुश्किल मैच था। सच कहूं तो मैच खत्म होने तक मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं जीतूंगी। खासकर पहला सेट 1-6 से हारने के बाद, मैं बस थोड़ी देर और कोर्ट पर रहना चाहती थी और सेंटर कोर्ट पर खेलने का आनंद लेना चाहती थी। मुझे उम्मीद नहीं थी कि मेरा खेल इतना बेहतर होता जाएगा। मैच प्वाइंट का सामना करते समय भी मैंने खुद से कहा कि आसानी से हार नहीं माननी है और कोशिश करते रहना है। मैंने इसी सोच को बनाए रखा, और मुझे बहुत खुशी है कि आखिर में मैं जीत सकी।"

सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, गुओ का सामना अमेरिका की केटी वोलिनेट्स से होगा, जो दुनिया की 88वें नंबर की खिलाड़ी हैं। वहीं, वांग को 17 साल की पोहांकोवा के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेलना पड़ा। वांग ने पहला सेट गंवा दिया, लेकिन उन्होंने 0-3 से पिछड़ने के बाद वापसी की कोशिश की। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस बचाए रखी और सेट टाई-ब्रेक तक पहुंच गया। वहां पोहांकोवा ने 7-2 से जीत हासिल कर पहला सेट अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और स्कोर फिर 6-6 हो गया। टाई-ब्रेक में वांग 2-5 से पीछे थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की और 9-7 से टाई-ब्रेक जीतकर मैच में बराबरी कर ली। निर्णायक तीसरे सेट में पोहांकोवा ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने दो बार वांग की सर्विस तोड़ी और 5-1 की बड़ी बढ़त बना ली। इसके बाद अपनी सर्विस पर मिले पहले ही मैच प्वाइंट को जीत में बदलते हुए उन्होंने 2 घंटे 55 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वहीं, दूसरी तरफ झांग शुआई की हालत मैच के दौरान ठीक नहीं थी और वह बीमारी से परेशान नजर आईं। इसका असर उनके खेल पर भी दिखा। अमेरिकी खिलाड़ी एशलिन क्रूगर ने इसका फायदा उठाते हुए एकतरफा अंदाज में 6-3, 6-0 से जीत दर्ज कर ली। झांग ने कहा, "वुहान में मेरा सिंगल्स का सफर इस तरह खत्म होना दुखद है। सच कहूं तो आज मैं पूरी तरह थक चुकी थी। मैं इससे बेहतर नहीं कर सकती थी। मुझे खेद है कि अपनी हालत के कारण मैं बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन मैं आपके सामने खेलने का मौका नहीं छोड़ना चाहती थी, इसलिए मैंने मैच पूरा करने की पूरी कोशिश की।"

झांग ने स्थानीय दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "टेनिस के प्रति आपके प्यार के लिए मैं बहुत आभारी हूं। वुहान के लोगों के जुनून ने ही चीनी टेनिस का इतिहास रचा है। 2004 एथेंस ओलंपिक में ली टिंग के महिला डबल्स गोल्ड से लेकर ग्रैंड स्लैम चैंपियन ली ना और ओलंपिक चैंपियन झेंग किनवेन तक, ये सभी हुबेई से हैं। खेल के प्रति आपके प्यार की वजह से ही हुबेई में टेनिस इतना मजबूत है।"

अन्य मैचों में यूक्रेन की डारिया स्निगुर ने 14वीं वरीयता प्राप्त एलिस मर्टेंस को 6-4, 7-5 से चौंका दिया। ग्रीस की मारिया सक्कारी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 8वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक को 4-6, 6-2, 6-2 से हराया। अमेरिका की एन ली अगले दौर में पहुंच गई हैं, जब कोलंबिया की कैमिला ओसोरियो 6-1, 3-0 से पीछे रहने के दौरान मैच से हट गईं।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Date & Time : 2026-10-13 23:35:13

Share:

Leave A Reviews

Related News