
राजस्थान। इस समय भीषण गर्मी और बदलते मौसम की मार झेल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी बीच धौलपुर रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ट्रेन के एक जनरल कोच के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह अत्यधिक गर्मी बताई जा रही है। बताया गया कि कोच के ब्रेक पैडल वाले हिस्से में ज्यादा तापमान के कारण चिंगारी उठी, जिसने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
राजस्थान में लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्म हवाएं (लू) दिनभर चल रही हैं, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। डॉक्टरों और प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।
वहीं, मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। लेकिन फिलहाल राज्य में गर्मी का प्रकोप जारी है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Leave A Reviews