
नई दिल्ली. भारत के मौसम चक्र में मार्च के महीने में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. महीने की शुरुआत में जहाँ भीषण गर्मी ने दस्तक दी थी, वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते देश के बड़े हिस्से में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान से लेकर केरल तक 12 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है.
मैदानी इलाकों में बारिश और कोहरा
उत्तर प्रदेश और बिहार: यहाँ रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर 50 से 100 मीटर तक रह गई है.
राजस्थान का हाल: प्रदेश में मौसम के दो रंग दिख रहे हैं. जैसलमेर में भारी बारिश से कटी हुई फसलें बर्बाद हो गई हैं, वहीं श्रीगंगानगर में पारा 39.9°C तक पहुँच गया है. आज भी राजस्थान के 8 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.
दक्षिण भारत: कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में भारी उमस (Humid Weather) का अनुमान है.
पहाड़ों पर कुदरत का कहर
हिमाचल और उत्तराखंड: हिमाचल में पिछले 5 दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे ठंड लौट आई है. उत्तराखंड और सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाकों में एवलांच (Avalanche) का खतरा मंडरा रहा है.
सिक्किम: भारी बर्फबारी के चलते गंगटोक से नाथुला जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और केरल में आज तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है.
Leave A Reviews