जबलपुर के अधारताल थाना अंतर्गत न्यू कंचनपुर क्षेत्र में बीती शाम बंद कमरे में एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के मामले में आज एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मोड़ आ गया है। पत्नी की मौत के बाद से ताला लगाकर फरार चल रहे संदेही पति मयंक सिंह का शव आज रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (VFJ) के पुराने खंडहर हो चुके क्वाटरों में बिजली के तार से फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। एक ही परिवार में २४ घंटे के भीतर हुई इन दो मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही रांझी और अधारताल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मयंक सिंह (४० वर्ष), पिता प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कंचनपुर (थाना अधारताल) में रह रहा था और मूल रूप से कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम जुगिया (थाना बड़वारा) का स्थाई निवासी था। दरअसल, बीती शाम कंचनपुर स्थित उनके घर का कमरा अंदर से बंद था। जब कमरा खोला गया तो मयंक की पत्नी नेहा सिंह की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुई। पत्नी की मौत के बाद से ही मयंक सिंह घर के बाहर ताला लगाकर रहस्यमय ढंग से फरार हो गया था, जिसके कारण अधारताल पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

इस पूरे घटनाक्रम में ट्विस्ट एक दिन पहले ही आ गया था, जब मयंक की गाड़ी वीएफजे (VFJ) के उन्हीं पुराने सुनसान पड़े खंडहर क्वाटरों के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। संदेह होने पर जब वीएफजे के सिक्योरिटी गार्ड्स ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसके भीतर से एक रस्सी और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था। इसी दौरान वहां छुपकर बैठा मयंक सिंह सुरक्षाकर्मियों को अपनी ओर आता देख मौके से भाग खड़ा हुआ था। सुरक्षा घेरा कड़ा होने के बावजूद मयंक ने आज उन्हीं वीएफजे क्वाटरों के खंडहर में जाकर बिजली के तार का फंदा बनाया और फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

शनिवार को खंडहरों की तरफ गए लोगों ने जब एक शव को फंदे पर लटकते देखा, तो तुरंत रांझी पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त करने के बाद पाया कि यह शव कंचनपुर से फरार हुए मयंक सिंह का ही है। पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटनास्थल और गाड़ी से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसकी हैंडराइटिंग और तथ्यों की जांच की जा रही है।
इस दोहरे मौत के मामले ने पुलिस के सामने कई गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। अधारताल और रांझी पुलिस अब संयुक्त रूप से मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या मयंक ने ही अपनी पत्नी नेहा की हत्या की थी और उसके बाद ग्लानि या पकड़े जाने के डर से सुसाइड नोट लिखकर खुदकुशी कर ली, या फिर इस पूरे मामले के पीछे कोई और पारिवारिक या बाहरी वजह थी। दोनों थानों की पुलिस मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Leave A Reviews