
रीवा स्थित संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में गंभीर हालत में भर्ती कराई गई एक नवविवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान मिले हैं। इस सनसनीखेज मामले में मृतका की मां ने अपने दामाद पर बेटी की बेरहमी से हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।
मृतका की पहचान काजल साकेत के रूप में हुई है, जिसका मायका मझगवां में है। मृतका की मां अनूपा साकेत ने बताया कि काजल का विवाह 18 अप्रैल 2025 को मैहर जिले के मिरगौती निवासी राजेंद्र साकेत के साथ हुआ था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे काजल को उसके मिरगौती स्थित ससुराल पहुंचाया गया था।
ससुराल पहुंचने के कुछ ही देर बाद काजल का मोबाइल फोन बंद आने लगा, जिससे मायके पक्ष को अनहोनी की आशंका हुई। कुछ समय बाद एक अनजान व्यक्ति के माध्यम से परिजनों को खबर मिली कि काजल के साथ गंभीर मारपीट हुई है और उसे नाजुक हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने इतनी बड़ी घटना की भनक तक मायके वालों को नहीं लगने दी।
मां अनूपा साकेत जब अस्पताल पहुंचीं, तो बेटी की हालत देखकर स्तब्ध रह गईं। काजल के सिर पर जानलेवा चोट लगी थी। इसके अतिरिक्त नाक, दोनों हाथों, पैरों, कंधे और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए क्रूर वार के स्पष्ट निशान थे। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते कुछ ही घंटों के इलाज के बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति राजेंद्र साकेत ने ही विवाद के बाद धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर काजल की हत्या की है।
मृतका की मां की शिकायत और बयानों के आधार पर पुलिस ने संबंधित ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के शव का पंचनामा कर फॉरेंसिक व पोस्टमार्टम प्रक्रिया कराई जा रही है।
घटनास्थल मैहर जिले के मिरगौती क्षेत्र का होने के कारण रीवा पुलिस संबंधित थाने के साथ समन्वय बनाकर डायरी ट्रांसफर करने और आरोपी पति की धरपकड़ के प्रयास में जुट गई है।
Leave A Reviews