लखनऊ, 24 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर 2027) के तहत प्रदेश में नए वोटर बनने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित विशेष अभियान दिवसों में कुल 6 लाख 40 हजार 239 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा आवेदन 22 नवंबर को आए, जब एक ही दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 99 हजार 218 लोगों ने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया।

लखनऊ, 24 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर 2027) के तहत प्रदेश में नए वोटर बनने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित विशेष अभियान दिवसों में कुल 6 लाख 40 हजार 239 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा आवेदन 22 नवंबर को आए, जब एक ही दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 99 हजार 218 लोगों ने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 17 से 23 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 10 लाख 39 हजार 836 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। खास बात यह है कि सिर्फ दो विशेष अभियान दिवसों में ही इस अवधि के कुल आवेदनों का 61.6 फीसदी हिस्सा प्राप्त हुआ। अभियान के दौरान प्रतिदिन औसतन करीब 3.2 लाख आवेदन मिले, जो अभियान से पहले 17 से 20 नवंबर के दैनिक औसत से करीब छह गुना अधिक है।
जिलावार प्रदर्शन में गाजियाबाद प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। यहां 17 से 23 नवंबर के बीच 57,981 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। प्रति मतदान स्थल आवेदन के औसत के हिसाब से भी गाजियाबाद 19.67 के साथ पहले नंबर पर है। खीरी 15.24 के औसत के साथ दूसरे और बाराबंकी 11.18 के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
इसके अलावा संभल, आगरा, सोनभद्र, कासगंज, कन्नौज, मैनपुरी और बुलंदशहर भी टॉप-10 जिलों में शामिल हैं। वहीं, सबसे कम आवेदन वाले जिलों में बदायूं, जौनपुर, झांसी, बहराइच और हरदोई जैसे जिले शामिल हैं। बदायूं 2.40, जौनपुर 2.52 और झांसी 2.59 फॉर्म-6 प्रति मतदान स्थल के औसत के साथ निचले पायदान पर रहे।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में गाजियाबाद विधानसभा सीट 24.28 फॉर्म-6 प्रति मतदान स्थल के औसत के साथ प्रदेश में पहले नंबर पर है। लोनी 22.47 के साथ दूसरे और मोदीनगर 21.23 के साथ तीसरे स्थान पर है।
टॉप-10 विधानसभा क्षेत्रों में गाजियाबाद जिले की पांच और खीरी जिले की चार सीटें शामिल हैं। यानी नए मतदाता पंजीकरण के मामले में गाजियाबाद और खीरी में विशेष सक्रियता देखने को मिली है।
इसके उलट 56 विधानसभा क्षेत्रों में प्रति मतदान स्थल तीन से भी कम फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें जौनपुर की सात, हरदोई और बदायूं की पांच-पांच सीटें शामिल हैं। सबसे कम औसत वाली विधानसभा सीटों में बलरामपुर की गैसड़ी 1.59, बहराइच की पयागपुर 1.63 और जौनपुर 1.71 पर है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का शुद्धिकरण और नए मतदाताओं का पंजीकरण राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। निर्वाचन आयोग का फोकस खासतौर पर उन युवाओं और महिलाओं पर है, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।
इसी को देखते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहने के निर्देश दिए गए थे। मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध कराए गए। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों और सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा गया।
निर्वाचन आयोग अब 28 और 29 नवंबर को दोबारा विशेष अभियान दिवस आयोजित करेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म-6 कम प्राप्त हुए हैं, वहां विशेष ध्यान दिया जाए और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं, जबकि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीकेपी/
Leave A Reviews