सतना, देशबन्धु। सड़क मार्ग से प्रयागराज महाकुंभ जा रही तीन गाडिय़ां अचानक ब्रेक लगाने के चलते चेन क्रम में भिड़ गईं। एनएच 30 में सबसे आगे चल रही तूफान गाड़ी के चालक ने जैसे ही अचानक ब्रेक लगाया तब यह हादसा हुआ। जिसमें नागपुर के पांच यात्रियों के घायल होने की खबर है। यह हादसा रविवार की दोपहर हुआ। जिसके बाद एनएच में लंबा जाम लग गया।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मैहर खेरवासानी टोल प्लाजा के पास एनएच-30 पर यह हादसा तब हुआ जब आगे चल रही तूफान गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके चलते पीछे से आ रही एसयूवी कार (एमएच 24 बीआर 2357) उससे टकरा गई और फिर एसयूवी के पीछे से आ रही बस (जीजे 14 डब्ल्यू 0399) ने भी टक्कर मार दी।
ये हुए घायल
हादसे में नागपुर, महाराष्ट्र के पांच यात्री घायल हुए, जिनमें विनोद (31), चंद्रकांत (29), श्रीकांत (44), अनुपमा (52) और रवि (31) शामिल हैं। सभी घायलों को टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
ली गई क्रेन की मदद
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्रेेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू किया। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।