जबलपुर. पाटन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। इस घटना में दो युवकों की घटनास्थल में मौत हो गयी तथा एक युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तीनों युवक विवाह समारोह में शिरकत कर वापस लौट रहे थे।
पाटन पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अतुल कुशवाहा और सचिन दहिया निवासी ग्राम ननुसर और श्रीकांत कुशवाहा निवासी जुगतरा तीनों बाइक से शादी समारोह में शिरकत करने शहपुरा गए थे।
विवाह समारोह में शामिल होने के बाद तीनों बीती रात वापस जुगतरा लौट रहे थे। ग्राम धनेटा के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सडक़ पर जा गिरे।
घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। देर रात मार्ग सुनसान होने की वजह सेघायल युवक काफी देर तक सडक़ किनारे ही पड़े रहे। जब कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत 108 एम्बुलेंस और पाटन थाना पुलिस को सूचना दी।
इस घटना में अतुल व सचिन की घटनास्थल में मोत हो गई थी। घायल श्रीकांत कुशवाहा को गंभीर हालत में उपचार के जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन तथा उसके संबंध में पतासाजी प्रारंभ कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी वाहन चालक के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया है।