सिवनी देशबन्धु. सिवनी जिले के वन विभाग की टीम ने दो संदिग्ध शिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सलीम खान और नन्दकिशोर के रूप में हुई है। दोनों जनमखारी, तहसील बरघाट के रहने वाले हैं।
वनपाल बी.एल. आर्मो ने बताया कि राज्य वन विकास निगम की टीम को बुधवार रात 8 बजे गश्त के दौरान दो मोटरसाइकिलें दिखाई दीं।
एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति भागने में सफल रहे। दूसरी मोटरसाइकिल से पकड़े गए आरोपियों के पास से एक कारतूस, तीन धारदार चाकू और एक कुल्हाड़ी बरामद की गई।
इसके अलावा दो खाली बोरियां, दो थैले और एक टॉर्च भी मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शिकार के लिए जंगल में आए थे।
परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी एच.एल. दाहिया ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।