सतना, देशबन्धु। दो सगी बहनों को करैत सांप ने डस लिया। 24 घंटे के अंदर दोनों की मौत हो गई। घटना ग्राम छींदा खम्हारिया खुर्द की है। वन विभाग की टीम ने सांप को रेस्क्यू कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गांव में जमीदार साहू की 10 साल की बेटी सपना साहू गुरुवार देर रात घर में सो रही थी।
‘गांधी’ के प्रीमियर के साथ हंसल मेहता ने फिर किया टीआईएफएफ में वापसी
इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया। परिवार उसे इलाज के लिए ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। शुक्रवार रात को सपना की बड़ी बहन निशा साहू (17) को भी सांप ने डस लिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद निशा को मृत घोषित कर दिया। किसान जमींदार साहू की 5 बेटियां थी। उनका कोई बेटा नहीं है। लगातार दो बेटियों की मौत से परिवार टूट गया है और पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। बताया गया है कि बड़ी बहन निशा पढ़ाई नहीं करती थी। छोटी बहन सपना 5वीं की छात्रा थी।
डसने के बाद पेट में तेज दर्द उठा
जमींदार साहू ने बताया कि छोटी बेटी सपना खाट पर सो रही थी। उसके पैर में सांप ने काटा तो परिवार को लगा कि मच्छर ने काटा है। कुछ देर बाद उसके पेट में तेज दर्द उठा तो उसने मां को बताया। हमने देखा तो उसके पैर में सांप के काटने के छोटे लाल निशान थे। जमींदार ने बताया कि वे उसे गांव से 18 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल ले गए, जह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। शुक्रवार की रात में जब सभी लोग शव के पास बैठे थे, तभी दूसरे कमरे में सो रही बड़ी बेटी निशा की चीख सुनाई दी। परिजन ने देखा कि उसके हाथ में सांप ने काट लिया है। वे उसे रात में ही जिला अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने एंटी स्नेक वेनम लगाकर इलाज शुरू किया, लेकिन जहर का असर ज्यादा था, इसी दौरान शनिवार की सुबह निशा की भी मौत हो गई।
पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही: 907 की मौत, 1,044 घायल
समय पर इलाज न मिलने से गई जान
जनपद सदस्य गौरव सिंह ने बताया, शनिवार को दोनों बहनों के शवों का जिला अस्पताल सतना में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद गांव में अंतिम संस्कार होगा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार सर्पदंश की घटनाएं हो रही हैं। समय पर प्राथमिक उपचार और जागरूकता के अभाव में लोगों की जान चली जाती है। ग्रामीणों की मांग है कि गांवों में सर्प दंश से बचाव और इलाज के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही, स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयां और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सबसे जहरीले सांपों में से एक है करैत
करैत भारत में पाए जाने वाले सबसे जहरीले सांपों में से एक है। इसका रंग काला या नीला-काला होता है और शरीर पर सफेद धारियां होती हैं। करैत का जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधा नसों और दिमाग पर असर डालता है। करैत सांप की एक खास विशेषता यह है कि इसके काटने पर निशान या सूजन दिखाई नहीं देती। इसी वजह से कई बार लोग समझ ही नहीं पाते कि उन्हें सांप ने काटा है। मरीज सामान्य दिखता है लेकिन अंदर ही अंदर जहर नसों पर असर करता रहता है।