रीवा,देशबन्धु। जिले के लगभग सभी थानों के सौंदर्यी करण के अथक प्रयास के बाद भी थाने देशभक्ति जन सेवा का कार्यालय कम और कबाड़ की दुकान अधिक दिखाई देती है कानूनी व्यवस्था बनाने वाले पुलिस प्रशासन के लिए अब यही जप्ती के वाहन मुसीबत बनते जा रहे हैं हालत तो यह है कि यदि कोई अनजान व्यक्ति थानों की तलाश करता है तो कबाड़ वाहनों को देखकर ही स्थान की पहचान होती है। देश और प्रदेश की कानून व्यवस्था में जो पेचीदगिया है वह इस दुर्दशा का मुख्य कारण है। कई दशकों से वाहनों का निराकरण नहीं हो सकता है और इसी कारण उन्हें डिस्पोजल भी नहीं किया जा सकता रीवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के द्वारा जाप्ती के वाहनों के निस्तारण के लिए कई बार पत्राचार किया गया है लेकिन अभी भी कोई निराकरण निकल कर सामने नहीं आया जिला स्तर पर पुलिस अधीक्षक के द्वारा स्थान को व्यवस्थित कर सुंदर बनाने के लिए वाहनों को व्यवस्थित कराया जा रहा है लेकिन सवाल यह है कि इनका निस्तारण कब तक होगा और कबाड़ में तब्दील हो रहे थानों की दशा में कब सुधार होगा इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि वाहनों के निस्तारण के लिए निरंतर पत्राचार किया जा रहा है।
ननि का सफाई अभियान जारी
रीवा देशबन्धु। निगमायुक्त डॉ0 सौरभ सोनवणे के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत नाला एवं नालियों की साफ-सफाई का कार्य निरंतर कराया जा रहा है। इस क्रम में नाला गैंग द्वारा दिनांक 11 अप्रैल को वार्ड 41 बिछिया में बड़ा नाला की सफाई कराई गई। वार्ड 35 श्रम कल्याण आफिस के पीछे बड़ा नाला की सफाई कराई गई। समान नाका से जेएनसिटी तक, सुभाष तिराहा से जनता कालेज मोड़ तक, सिकरम खाना से ट्रांसपोर्ट नगर गेट तक डिवाइडर एवं पटरी की सफाई कराई गई। सिविल लाइन, कलेक्ट्रेट परिसर एवं फ्लाई ओवर की सफाई कराई गई। साथ ही सभी स्थानों से कचरे का उठाव टैक्टर एवं टैम्पों द्वारा कराया गया। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा शहर में भ्रमण कर सफाई कार्य एवं कचरा उठाव का निरीक्षण किया गया।