जबलपुर, देशबन्धु. मदन-महल थानांतर्गत पुराने बस स्टैण्ड स्थित अभिनंदन होटल में उस समय भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक युवक ने एक के बाद एक तीन फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर होटल में बैठे ग्राहक तथा कर्मचारियों के अलावा क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। इस घटना में किसी व्यक्ति को चोटें नहीं आई हैं। गोली लगने के कारण होटल के कांच टूट गए।
बस स्टैण्ड चौकी प्रभारी जगन्नाथ यादव से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक रविवार की रात को अभिनंदन होटल में अपनी पत्नी के साथ खाना खाने आया था।
इस दौरान उसका किसी बात पर वेटर से विवाद हो गया था, जिसके कारण वेटर ने युवक को पत्नी के सामने मार दिया था। इसके बाद युवक चला गया और कुछ देर बाद आने साथियों के साथ आया था। होटल संचालक के आग्रह पर युवक व उसके साथी वापस लौट गए थे।
युवक मंगलवार की शाम को लगभग सवा 4 बजे आया और सड़क पर खड़े होकर होटल में एक के बाद एक तीन फायर किए। गोली लगने के कारण होटल में लगे कांच चटक गए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोटें नहीं आई हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली तथा तीन खाली खोखे बरामद किए हैं।
डेयरी के नाम पर 70 प्लॉट आवंटित 3 वर्षो में मात्र 4 डेयरी स्थापित हो पायी
पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसके संबंध में पतासाजी प्रारंभ कर दी है। इस घटना से होटल में बैठे ग्राहक व कर्मचारियों सहित क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया था। धायं-धायं की तीन फायर की आवाज सुनकर लोग किसी अप्रिय घटना का अंदाजा लगाने लगे थे। गनीमत रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और छोटे से विवाद के कारण बड़ी घटना होने से टल गई।