Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मैहर में 11 माह पुराने अंधे कत्ल का पर्दाफाश, बहन के प्रेमी ने की थी हत्या


मैहर जिले में 11 माह से अनसुलझी पड़ी नाबालिग बालिका की अंधी हत्या का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका की बड़ी बहन का प्रेमी निकला, जो इतने दिनों से पुलिस और परिजनों को गुमराह कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में थाना ताला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भैंस चराने गई थी, लौटकर नहीं आई -

18 जनवरी 2026 को कंदेहली निवासी फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जनवरी को वह पत्नी के साथ मुकुंदपुर अस्पताल दवा कराने गया था। घर से निकलते समय 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को भैंस चराने पपरा पहाड़ जंगल भेजा था। शाम 5 बजे लौटने पर बेटी घर नहीं पहुंची थी। थाना ताला में अपराध क्र. 14/26 धारा 137(2) BNS के तहत अपहरण का केस दर्ज हुआ।

25 जनवरी 2026 को नाबालिग का शव पपरा पहाड़ जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर पड़े थे। पीएम रिपोर्ट में सिर में भारी वस्तु से वार कर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने धारा 103(1) BNS जोड़कर हत्या की जांच शुरू की।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह -

तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने 2 नवंबर 2026 को संदेही शीतल केवट पिता सहादेव केवट उम्र 21 वर्ष निवासी बेलकशरी, थाना रामपुर नैकिन जिला सीधी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि उसका ग्राम कंदेहली आना-जाना था और मृतका की बड़ी बहन से प्रेम संबंध थे। 16 जनवरी 2026 की रात वह प्रेमिका से मिलने आया था, तभी नाबालिग मृतका ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।

इस बात को घर में बताने के डर से आरोपी ने हत्या की साजिश रची। अगले दिन 17 जनवरी को जब प्रेमिका के माता-पिता मुकुंदपुर चले गए, तो वह मृतका के पीछे जंगल गया। समझाने पर न मानने पर उसने बाल पकड़कर जमीन पर पटका और पत्थर से बार-बार वार कर सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। सबूत छिपाने के लिए पत्थर को तेंदू के पेड़ के पास छिपा दिया।

जब्ती और गिरफ्तारी -

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना पत्थर और पीस कंपनी का मोबाइल जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका -

थाना प्रभारी ताला निरी. महेन्द्र कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी रामनगर निरी. विजय त्रिपाठी, चौकी प्रभारी मुकुंदपुर उप निरी. नागेश्वर मिश्रा, प्र.आर. पंकज मिश्रा, राकेश मिश्रा, चंदन शुक्ला, इच्छालाल तिवारी, आर. आशीष मिश्रा, शम्भू राय, संतोष द्विवेदी, विवेक मिश्रा, कमलेंद्र सिंह तथा साइबर सेल के प्र.आर. सुशील द्विवेदी, आर. संदीप सिंह की मुख्य भूमिका रही।

Date & Time : 2026-11-03 14:36:58

Share:

Leave A Reviews

Related News