
बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ढिमरटोला स्थित पीएम आवास कॉलोनी में रहने वाले 15 वर्षीय एक छात्र ने परीक्षा में फेल होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को जिला अस्पताल में मृतक छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यूनिक उर्फ साहिल उरकुड़े (15 वर्ष), पिता संदीप उरकुड़े, नगर के सांदीपनी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। मुख्य परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने के बाद उसने दोबारा परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम बीते 25 तारीख को घोषित हुआ था। इस परीक्षा में वह अनुत्तीर्ण (फेल) हो गया था। बताया जा रहा है कि रिजल्ट खराब होने के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान था, जिसके चलते उसने अपने ही घर के कमरे में पंखे से फांसी लगा ली।
घटना के वक्त यूनिक पहले कॉलोनी में बच्चों के साथ खेल रहा था। इसके बाद वह घर आया और अपनी छोटी बहन को अपना मोबाइल सौंपते हुए कहा कि वह सोने जा रहा है और उसे कोई परेशान न करे। यह कहकर वह कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पिता संदीप उरकुड़े ने बताया कि यूनिक अक्सर कमरा बंद करके सोता था, इसलिए शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पड़ोस के घर की खिड़की के रास्ते कमरे के अंदर झांककर देखा, जहाँ यूनिक फंदे पर लटका हुआ था।
यूनिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। अस्पताल से मिली सूचना के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार किया। मामले की जांच कर रहे प्रधान आरक्षक सूर्यकांत मरकाम ने बताया कि परिजनों ने अभी तक आत्महत्या के संबंध में कोई विशेष लिखित शिकायत या बयान दर्ज नहीं कराया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave A Reviews