Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में फुटबॉल खेलने निकला 15 वर्षीय छात्र, कुंड में डूबा, मौत

सिंगरौली जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 15 वर्षीय किशोर गुलाम वारिस की संदिग्ध परिस्थितियों में कुंड में डूबने से मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। मृतक क्राइस्ट ज्योति स्कूल का कक्षा 10वीं का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था।

दोस्तों के साथ निकला था खेलने

परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे गुलाम वारिस अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने के लिए घर से निकला था। बाद में वह झिगुरदा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे बने कुंड में नहाने चला गया। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

पिता को नहीं मिला संपर्क, बढ़ी चिंता

सुबह करीब 9 बजे जब उसके पिता घर लौटे, तो बेटा घर पर नहीं मिला। उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। दोस्तों से भी बात नहीं हो सकी, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। बाद में जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई।

फुटबॉल मिलने से बढ़ा शक

घटना उस समय और संदिग्ध हो गई जब गुलाम वारिस का फुटबॉल घटनास्थल से काफी दूर सड़क किनारे मिला। दोस्तों का कहना है कि उसे बचाने के प्रयास में फुटबॉल पानी में फेंका गया था, लेकिन परिजनों को यह बात संदिग्ध लग रही है। परिवार का आरोप है कि दोस्तों द्वारा पूरी सच्चाई नहीं बताई जा रही है।

रातभर चला सर्च ऑपरेशन

रविवार शाम से ही ग्रामीणों ने कुंड में किशोर की तलाश शुरू कर दी थी। टायर की नाव के सहारे देर रात तक सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह परिजनों ने फिर से खोजबीन शुरू की और करीब 8:30 बजे कुंड से शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर अनपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं, विशेषकर दोस्तों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Share:

Leave A Reviews

Related News