
टीकमगढ़ जिले के खरगापुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनेरा में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक विशाल पिता मोहन नाथ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब विशाल बाइक से अपने गांव लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, विशाल बिजली की समस्या के कारण मोबाइल चार्ज करने के लिए गांव देरी गया था। लौटते समय गांव से बाहर निकलते ही उसकी तेज रफ्तार बाइक सड़क पर एक बैल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशाल बाइक से उछलकर गिर गया और उसे सिर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। घायल विशाल को निजी वाहन से पलेरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार विशाल भिंड जिले का मूल निवासी था, लेकिन पिछले 17 वर्षों से मामा के यहां धनेरा में रह रहा था। वह अपने घर का इकलौता बेटा था। पिता पहले ही निधन हो चुके हैं और मां दिल्ली में मजदूरी करती हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपेगी। हादसे ने पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल बना दिया है।
Leave A Reviews