Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

293 करोड़ की लागत वाली जसीडीह रेल बाइपास लाइन शुरू, सांसद निशिकांत दुबे ने किया उद्घाटन


देवघर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर और संथाल परगना में रेल परिचालन को सुगम बनाने के लिए जसीडीह रेल बाइपास लाइन शुरू कर दी गई है। करीब 293 करोड़ रुपए की लागत से बनी लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन से जसीडीह स्टेशन पर ट्रेनों के इंजन की दिशा बदलने की जरूरत खत्म होगी। इससे ट्रेनों के परिचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और यात्री तथा मालगाड़ियों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

देवघर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर और संथाल परगना में रेल परिचालन को सुगम बनाने के लिए जसीडीह रेल बाइपास लाइन शुरू कर दी गई है। करीब 293 करोड़ रुपए की लागत से बनी लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन से जसीडीह स्टेशन पर ट्रेनों के इंजन की दिशा बदलने की जरूरत खत्म होगी। इससे ट्रेनों के परिचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और यात्री तथा मालगाड़ियों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर बाइपास लाइन का उद्घाटन किया। इस मौके पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय, आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह परियोजना देवघर और आसपास के इलाकों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बाइपास लाइन शुरू होने से संबंधित ट्रेनों को जसीडीह स्टेशन में प्रवेश कर इंजन की दिशा बदलने की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे परिचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय कम होगा और स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव घटाने में भी मदद मिलेगी।

नई लाइन देवघर लिंक केबिन से कुमड़ाबाद-रोहिणी होते हुए ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगी। पहले संबंधित ट्रेनों को जसीडीह स्टेशन में प्रवेश करना पड़ता था। वहां इंजन को ट्रेन के एक छोर से हटाकर दूसरे छोर पर जोड़ने और ब्रेक की जांच जैसी प्रक्रियाओं में समय लगता था।

रेलवे के अनुसार, इस परियोजना से प्रतिदिन कम से कम पांच यात्री ट्रेनों के यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा, कम से कम दो मालगाड़ियां मुख्य स्टेशन पर परिचालन संबंधी बाधाओं से बचते हुए बाइपास से गुजर सकेंगी। इससे क्षेत्र में माल परिवहन और औद्योगिक आपूर्ति को भी लाभ मिल सकता है। परियोजना के तहत रॉक कटिंग, रोड ओवरब्रिज, रोड अंडरब्रिज और छोटे पुलों का निर्माण किया गया है। रेलवे ने बताया कि सुरक्षित परिचालन के लिए सिग्नलिंग और ट्रैक से जुड़ी व्यवस्थाएं भी स्थापित कर उनका परीक्षण किया गया है।

देवघर बाबा बैद्यनाथ धाम के कारण देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। श्रावणी मेले समेत विभिन्न अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेल परिचालन में सुधार से यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। जसीडीह स्टेशन देवघर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख रेल केंद्र है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि इस परियोजना से यात्री आवागमन और रेल परिचालन की दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी। नई लाइन से देवघर, जसीडीह, दुमका और गोड्डा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Date & Time : 2026-10-09 17:10:04

Share:

Leave A Reviews

Related News