Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मिलावटी मिठाइयों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: शिवालय रेस्टोरेंट से 54 किलो सिंथेटिक मिठाई जब्त


उमरिया. त्योहारों के आते ही बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटी और सिंथेटिक मिठाइयों की बिक्री पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. उमरिया शहर के दो प्रमुख प्रतिष्ठानों-'शिवालय रेस्टोरेंट' और 'राजा स्वीट्स' पर एसडीएम (SDM) अम्बिकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की. इस कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

शिवालय रेस्टोरेंट 3 दिन के लिए सील, 54 किलो मिठाई जब्त
जांच टीम ने शिवालय रेस्टोरेंट के मुख्य काउंटर के साथ-साथ उसके गोदाम और मिठाई निर्माण स्थल (कारखाने) का भी गहन निरीक्षण किया.  निरीक्षण के दौरान गोदाम से लगभग 54 किलो संदिग्ध सिंथेटिक मिठाई बरामद की गई. अनियमितता और स्वास्थ्य से खिलवाड़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने शिवालय रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से 3 दिनों के लिए सील कर दिया है. जब्त की गई मिठाई और कच्चे माल के सैंपल लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं.

इसी अभियान के तहत टीम ने 'राजा स्वीट्स' का भी औचक निरीक्षण किया. वहां भी मिठाइयों की गुणवत्ता में कमियां पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने संदिग्ध मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे. प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकान संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि खाद्य मानकों, स्वच्छता और रखरखाव के नियमों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए.

उमरिया और आसपास के इलाकों में त्योहारी सीजन के दौरान नकली खोवे, सिंथेटिक दूध और हानिकारक रसायनों से बनी मिठाइयों की आपूर्ति की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं. स्थानीय नागरिकों और उपभोक्ताओं ने मांग की है कि केवल शहर तक ही सीमित न रहकर पूरे जिले के कस्बाई व ग्रामीण अंचलों की डेयरियों और मिठाई दुकानों पर भी निरंतर अभियान चलाकर रैंडम सैंपलिंग की जाए.

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI Rules) के तहत एफआईआर सहित आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Date & Time : 2026-08-27 07:55:31

Share:

Leave A Reviews

Related News