Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उज्जैन के सभी 3000 स्वच्छता मित्रों को पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे 5-5 हजार रूपए


उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार्मिक नगरी उज्जैन ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि देश के कुल 27 पुरस्कारों में से अकेले मध्यप्रदेश के 9 शहरों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं, जो हमारे समर्पण और कर्मयोगियों की अथक मेहनत का प्रतीक है। मंगलवार को उज्जैन के गीता भवन में आयोजित स्वच्छता मित्रों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नगर के सभी 54 वार्डों के 3 हजार स्वच्छता मित्रों को पुरस्कार स्वरूप 5-5 हजार रुपये की नकद राशि देने की घोषणा की और मंच से सफाई मित्रों को सम्मानित कर बधाई दी।

हृदय प्रदेश अब बना स्वच्छ प्रदेश, मालवांचल से लेकर विंध्य तक फहराया परचम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश होने के साथ-साथ अब एक 'स्वच्छ प्रदेश' भी बन चुका है, जहां सफाई वीर ही स्वच्छता के सच्चे प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान में मध्यप्रदेश सबसे आगे है, जिसमें मालवांचल का इंदौर और 1700वें स्थान से सीधे नंबर-1 पर पहुंचने वाला देपालपुर विशेष रूप से शामिल हैं। इसके अलावा उज्जैन, देवास, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और बुधनी नगर ने भी स्वच्छ सर्वेक्षण में नया मुकाम हासिल किया है। श्रीकृष्ण के उपदेशों, दीपावली पर झाड़ू पूजन और प्रकृति से मिलने वाली स्वच्छता की प्रेरणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता से ही समृद्धि आती है और यह सभी का साझा दायित्व है।

कचरे से बिजली व ईंधन निर्माण और सफाई कर्मियों को आयुष्मान स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ

उज्जैन में हो रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में गीले कचरे को प्रोसेस कर बिजली तैयार की जा रही है, सूखे कचरे को ईंधन के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मंदिरों के फूलों व निर्माल्य से अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बना रही हैं। मलबे के प्रबंधन के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और घर-घर कचरा संग्रहण के लिए 40 नए सीएनजी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 40 अन्य वाहन जल्द ही जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी सफाई कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है और साथ ही इंदौर-उज्जैन सड़क उद्घाटन व बदनावर-उज्जैन-बड़नगर सड़क लोकार्पण से शहर की कनेक्टिविटी भी सुदृढ़ हो रही है।

महापौर और जनप्रतिनिधियों ने नागरिक जिम्मेदारी निभाने का किया आह्वान

कार्यक्रम में उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल ने शहर के चौमुखी विकास और प्रथम स्थान की उपलब्धि पर हर्ष जताया, वहीं नगर निगम सभापति कलावती यादव ने इसे सभी नागरिकों के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए गौरव बनाए रखने का आह्वान किया। इस सम्मेलन में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मप्र हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे।

Date & Time : 2026-11-17 14:04:48

Share:

Leave A Reviews

Related News