Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नीमच: मनासा में CM मोहन यादव ने किए 272 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण


नीमच। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को नीमच जिले के मनासा पहुंचे। यहां उन्होंने 272 करोड़ रुपए की लागत वाले 112 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। हालांकि, क्षेत्र के लोगों को मुख्यमंत्री के दौरे से बड़ी विकास घोषणाओं की उम्मीद थी, लेकिन कार्यक्रम में ऐसी कोई बड़ी घोषणा नहीं हुई। मुख्यमंत्री तय समय से करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे, जिसके कारण रोड शो और सभा का कार्यक्रम भी जल्दबाजी में पूरा किया गया।

एक किलोमीटर के रोड शो में हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मनासा के शासकीय कॉलेज परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां से उन्होंने करीब एक किलोमीटर का रोड शो किया। इस दौरान विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, भाजपा पदाधिकारियों, सचिव संघ, किसान मोर्चा और अलग-अलग सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम से करीब एक घंटे देरी से पहुंचने के कारण कार्यक्रम का समय प्रभावित हुआ। उनके इंतजार में जनता और कार्यकर्ता दो से तीन घंटे तक मौजूद रहे। इसके बाद रोड शो और सभा को कम समय में पूरा किया गया।

112 विकास कार्यों पर खर्च होंगे 272 करोड़ रुपए

विधायक माधव मारू के आमंत्रण पर मनासा पहुंचे मुख्यमंत्री से स्थानीय लोगों को क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाओं की उम्मीद थी। कार्यक्रम के दौरान 272 करोड़ रुपए की लागत वाले 112 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। हालांकि, मुख्यमंत्री समय की कमी के चलते इन विकास कार्यों के शिलापटों तक नहीं पहुंच सके।

5.5 मिनट के भाषण में आगे की घोषणाओं का भरोसा

कार्यक्रम में देरी के चलते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से करीब 5.5 मिनट तक ही संबोधन किया। उन्होंने कहा कि गांधीसागर में होने वाली कैबिनेट बैठक के बाद क्षेत्र के लिए अन्य घोषणाओं पर विचार किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला और हेलीकॉप्टर गांधीसागर के लिए रवाना हो गया।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक बुधवार को गांधीसागर में चंबल की लहरों के बीच आयोजित होनी है। इस बैठक को लेकर क्षेत्र में विकास से जुड़ी अन्य घोषणाओं की उम्मीद बनी हुई है।

Date & Time : 2026-11-17 14:33:20

Share:

Leave A Reviews

Related News