काबुल, 2 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत में अधिकारियों ने सोमवार को करीब एक हजार टन एक्सपायर्ड और घटिया गुणवत्ता वाली दवाओं तथा कॉस्मेटिक उत्पादों को नष्ट कर दिया। ये सामान पिछले 18 महीनों के दौरान अवैध रूप से आयात किए जाने के बाद जब्त किया गया था।
![]()
काबुल, 2 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत में अधिकारियों ने सोमवार को करीब एक हजार टन एक्सपायर्ड और घटिया गुणवत्ता वाली दवाओं तथा कॉस्मेटिक उत्पादों को नष्ट कर दिया। ये सामान पिछले 18 महीनों के दौरान अवैध रूप से आयात किए जाने के बाद जब्त किया गया था।
कंधार कस्टम्स के प्रमुख मौलवी मंसूरुल हक जाकिर के अनुसार, जब्त किए गए इन उत्पादों की कुल कीमत दो करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक थी। उन्होंने बताया कि यह सामान प्रांत के विभिन्न सीमा प्रवेश बिंदुओं पर पकड़ा गया था, जहां इन्हें अवैध रूप से देश में लाया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, इन उत्पादों में ऐसी दवाएं और कॉस्मेटिक्स शामिल थे जो या तो एक्सपायर्ड हो चुके थे या उनकी गुणवत्ता बहुत खराब थी और वे देश के निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरते थे। यह कार्रवाई लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और देशभर में गुणवत्ता नियंत्रण को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
इससे पहले अक्टूबर में अफगानिस्तान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि उत्तरी बल्ख प्रांत में पिछले एक साल के दौरान एकत्र की गई 142 टन एक्सपायर्ड और घटिया गुणवत्ता वाली दवाएं तथा खाद्य सामग्री नष्ट की गई थीं।
मंत्रालय के अनुसार, यह सामान प्रांत में निजी स्वास्थ्य केंद्रों और खाद्य दुकानों की नियमित जांच के दौरान जब्त किया गया था। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे और एक्सपायर्ड, घटिया या बिना अनुमति वाली दवाओं और खाद्य उत्पादों की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दवा तथा खाद्य क्षेत्र में गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। सितंबर में भी सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि पिछले एक वर्ष के दौरान देशभर में लगभग 1290 टन एक्सपायर्ड, घटिया और अवैध दवाएं, खाद्य पदार्थ और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद नष्ट किए गए थे।
मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान अमरखिल के अनुसार, ये सामान काबुल और अन्य प्रांतों की फार्मेसियों, मेडिकल स्टोर्स, सुपरमार्केट और दुकानों से जब्त किया गया था। अफगान अधिकारियों का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और गुणवत्ता मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
Leave A Reviews