ईटानगर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस क्रम में गृह मंत्री ने शनिवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की।

ईटानगर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस क्रम में गृह मंत्री ने शनिवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और समग्र पुलिसिंग की व्यापक समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि 'नवीन न्याय संहिताओं' को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सीमावर्ती गांवों के और अधिक विकास के लिए निर्देश दिए।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने शनिवार को ईटानगर के पास बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित एक समारोह में पुलिस और अन्य विभागों में नवनियुक्त 932 कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटे।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी 932 उम्मीदवारों को बधाई देते हुए बताया कि ये भर्तियां छह श्रेणियों के पदों के लिए की गई हैं। इनमें अरुणाचल राइफल्स की इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के 14 कांस्टेबल बैंड कर्मी, 235 आईआरबी कांस्टेबल, सिविल पुलिस में 157 महिला कांस्टेबल, सिविल पुलिस में 211 पुरुष कांस्टेबल, 72 फायरमैन और स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (एसटीपीएफ) के 243 कर्मी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में समारोह में शामिल होने और नवनियुक्त कर्मियों को खुद अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए गृह मंत्री का आभार जताया।
पेमा खांडू ने कहा, "हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आभारी हैं कि उन्होंने बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवनियुक्त कर्मियों को खुद नियुक्ति पत्र सौंपे। सभी नवनियुक्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और अरुणाचल प्रदेश की सेवा में उनके सफल करियर की कामना करता हूं।"
समारोह में उपमुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के गृह और अंतर-राज्य सीमा मामलों के मंत्री मामा नतुंग और पुलिस महानिदेशक राजेश कुमार भी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक अलग पोस्ट में इस भर्ती को राज्य की पुलिस और सुरक्षा बलों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे अरुणाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं। यह हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों को मजबूत करने और अरुणाचल प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
--आईएएनएस
एमएस/
Leave A Reviews