Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अशोक चौधरी ने राजद के आरोपों पर दी सफाई, बोले-न छुट्टी स्वीकृत हुई है और न अस्वीकृत


पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने अपनी नियुक्ति, लियन और छुट्टी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर गुरुवार को सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने छुट्टी के लिए आवेदन किया है लेकिन अभी तक न तो उनकी छुट्टी स्वीकृत हुई है और न ही अस्वीकृत। इस मामले में उन्हें उतनी ही जानकारी है, जितनी मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक हुई है।

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने अपनी नियुक्ति, लियन और छुट्टी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर गुरुवार को सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने छुट्टी के लिए आवेदन किया है लेकिन अभी तक न तो उनकी छुट्टी स्वीकृत हुई है और न ही अस्वीकृत। इस मामले में उन्हें उतनी ही जानकारी है, जितनी मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक हुई है।

मीडिया से बातचीत के दौरान राजद के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा, "देखिए, जितनी जानकारी आपको है, उतनी ही जानकारी हमको है। हमने छुट्टी अप्लाई किया है, इसके अलावा हमको कोई जानकारी नहीं है। न छुट्टी अभी स्वीकृत हुई है और न ही मेरी छुट्टी अस्वीकृत हुई है। इसके अलावा मुझे कोई जानकारी नहीं है। कौन क्या बोलता है, क्या नहीं बोलता है, उससे हमको कोई मतलब नहीं।"

उन्होंने कहा कि बिहार में पहले भी इस तरह के दृष्टांत रहे हैं। पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी जुटाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पहले भी कई लोग इस तरह छुट्टी पर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आवेदन अभी राज्यपाल के पास स्वीकृति के लिए गया हुआ है। अशोक चौधरी ने कहा, "नहीं, अभी वही अप्रूव होने के लिए गया है गवर्नर के पास। न स्वीकृत हुआ है, न अस्वीकृत हुआ है। वही मामला है लेकिन इसके पहले भी बहुत से लोग इस तरह से ऑलरेडी छुट्टी पर हैं।"

दरअसल, इस मामले को लेकर राजद ने राज्य सरकार पर संवैधानिक और सेवा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को जारी बयान में संबंधित मंत्री की विधान परिषद सदस्यता समाप्त करने और उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की। हालांकि, तेजस्वी यादव ने अपने बयान में मंत्री का नाम नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने संविधान और नियमों की अवहेलना करते हुए पिछले नौ महीनों से एक ऐसे व्यक्ति को मंत्री बना रखा है, जिसकी एक साथ मंत्री, सहायक प्राध्यापक और विधान पार्षद के पद पर बने रहने की वैधानिकता पर सवाल उठ रहे हैं।

तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि लोक भवन ने एक व्यक्ति के तीन पदों पर बने रहने को लेकर आपत्ति जताई है। गौरतलब है कि बुधवार को राजद सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने पटना में प्रेस वार्ता कर अशोक चौधरी की एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्ति और लियन लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।

मनोज झा के अनुसार, अशोक चौधरी ने डॉ. अशोक कुमार के नाम से चयनित होने के बाद 17 अगस्त को योगदान दिया और अगले ही दिन लियन के लिए आवेदन कर दिया था। उन्होंने प्रोबेशन अवधि के दौरान लियन की अनुमति दिए जाने पर सवाल उठाते हुए विधान परिषद की सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। तेजस्वी यादव ने भी नियुक्ति के अगले दिन से लंबी अवधि की छुट्टी पर जाने के मामले को नियमों के विपरीत बताया। उन्होंने लाभ के पद से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा और कहा कि इस मामले को वे उच्च स्तर तक ले जाएंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Date & Time : 2026-11-19 14:40:02

Share:

Leave A Reviews

Related News