
कृष्णानगर/कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कृष्णानगर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी का अंदाज़ इस बार काफी आक्रामक और तंज भरा रहा। हाल ही में उनके झालमुड़ी खाने की चर्चा पर चुटकी लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "झालमुड़ी मैंने खाई है और झाल (तीखापन) उन्हें लग रही है।"
प्रधानमंत्री ने बंगाल के चुनावी इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 50 वर्षों में यह पहला ऐसा चुनाव है जहाँ हिंसा न्यूनतम स्तर पर है। उन्होंने इसके लिए चुनाव आयोग का आभार व्यक्त किया। मोदी ने कहा, "वरना यहाँ तो गुंडाराज चलता था। आज मतदाता बिना किसी डर के बाहर निकल रहे हैं और वोटिंग के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। मैं बंगाल में परिवर्तन की स्पष्ट आंधी देख रहा हूँ।"
प्रधानमंत्री ने जीत का भरोसा जताते हुए घोषणा की कि 4 मई को जब चुनावी नतीजे आएंगे, तो भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी। उन्होंने उत्साहित भीड़ से कहा, "4 मई को जीत के बाद बंगाल में न सिर्फ मिठाई बंटेगी, बल्कि झालमुड़ी भी बांटी जाएगी।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने के बाद बंगाल में सुरक्षा और शांति की गारंटी होगी।
बता दें कि बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है, जिसमें 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 2021 के आंकड़ों के अनुसार, इन सीटों पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) का वर्चस्व रहा था, जहाँ पार्टी ने 114 सीटें जीती थीं। विशेष रूप से दूसरे चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर भी मतदान होना है, जिसे देखते हुए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
प्रधानमंत्री मोदी आज मथुरापुर में भी रैली करेंगे और हावड़ा में एक मेगा रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कई जनसभाओं और रोड शो के जरिए मोर्चा संभाले हुए हैं।
Leave A Reviews