Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गंजबासौदा में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2000 लीटर लाहन नष्ट, 5 लाख का माल जब्त


विदिशा जिले के गंजबासौदा में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लीटर अवैध देशी शराब तथा करीब 2,000 लीटर महुआ लाहन बरामद किया। बरामद एवं नष्ट की गई अवैध सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना बासौदा देहात एवं बासौदा शहर पुलिस सहित विभिन्न थानों और पुलिस लाइन से करीब 75 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सर्चिंग अभियान में लगाया गया।

सुबह 5:45 बजे शुरू हुई सघन सर्चिंग

7 सितंबर को सुबह करीब 5:45 बजे थाना बासौदा देहात क्षेत्र के कंजर टपरा, जेल रोड में पुलिस बल ने अवैध शराब निर्माण एवं आरोपियों की तलाश के लिए सघन सर्चिंग अभियान चलाया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को अवैध देशी शराब बनाने के लिए संचालित की जा रही दो शराब निर्माण भट्ठियां मिलीं। मौके से करीब 2,000 लीटर महुआ लाहन बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

इसके अलावा प्लास्टिक के केन एवं पन्नियों में रखा करीब 70 लीटर अवैध देशी मदिरा भी बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 हजार रुपये है। इस तरह कार्रवाई में बरामद एवं नष्ट की गई अवैध सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 5.07 लाख रुपये है।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस द्वारा बरामद अवैध देशी शराब के संबंध में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी बासौदा देहात उनि जयकुमार सिंह, थाना प्रभारी शहर संजय बेदिया, निरीक्षक सुदामा प्रसाद, थाना प्रभारी त्योंदा गौरव रघुवंशी, थाना प्रभारी हैदरगढ़ रघुराज सिंह, थाना प्रभारी पठारी ऋतुराज सिंह, थाना प्रभारी पथरिया रोहित कौरव, सउनि मनोज तिवारी, सउनि मजबूत सिंह गुर्जर, सउनि सियाराम, प्रआर. बैजनाथ यादव, आरक्षक प्रकाश अमलियार, सुनील जाट, पुष्पेन्द्र यादव, कृष्ण कुमार, राकेश जाटव, रामनिवास मीना, महिला आरक्षक प्रियंका मौर्य, सोनम लोधी एवं श्यामवती धुर्वे सहित विभिन्न थानों एवं पुलिस लाइन के करीब 75 अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

Date & Time : 2026-09-07 10:26:27

Share:

Leave A Reviews

Related News