पटना, 13 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का नामकरण बिहार के विकास के विश्वकर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया है।
![]()
पटना, 13 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का नामकरण बिहार के विकास के विश्वकर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया है।
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ का नामकरण नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व, विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और बिहार के नवनिर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का सम्मान है। यह महासेतु एनडीए गठबंधन की विकासवादी सोच, मजबूत इच्छाशक्ति और सुशासन के साथ विकास के संकल्प का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि लगभग 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल एप्रोच रोड सहित करीब 19.76 किलोमीटर की परियोजना का हिस्सा है, जिसका निर्माण लगभग पांच हजार करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। यह महासेतु उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को नई मजबूती प्रदान करेगा। मां गंगा की पवित्रता एवं प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखते हुए तकनीकी रूप से पुल के स्तंभों के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है, ताकि स्टीमर सहित जल परिवहन के अन्य साधनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
मंत्री कुमार ने कहा कि एक समय था जब गंगा के इस पार और उस पार के क्षेत्रों के बीच आवागमन का मुख्य साधन नाव हुआ करता था। राघोपुर दियारा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग प्रत्येक वर्ष बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान आवागमन की गंभीर कठिनाइयों और नाव दुर्घटनाओं का सामना करते थे। कई बार ये इलाके मुख्यधारा से कट जाते थे। अब ‘नीतीश सेतु’ के शुरू होने से इन क्षेत्रों के लाखों लोगों का वर्षों पुराना दुःख-दर्द दूर होगा और वे सालों भर विकास की मुख्यधारा से जुड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अब इस क्षेत्र की हमारी बेटियां साइकिल से फर्राटा भरते हुए शिक्षा प्राप्त करने, रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और राजधानी पटना तक आसानी से पहुंच सकेंगी। विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी पहले से अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
मंत्री ने कहा कि इस महासेतु से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा तथा पटना, वैशाली, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा सहित उत्तर बिहार के अनेक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने, व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी मदद मिलेगी।
श्रवण कुमार ने कहा कि यह सेतु केवल गंगा नदी पर बना एक पुल नहीं, बल्कि बिहार की सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला विश्वास का संगम है। यह सुशासन, न्याय के साथ विकास और विकास पुरुष नीतीश कुमार की अभूतपूर्व एवं दूरदर्शी सोच का सशक्त प्रमाण है। आने वाली पीढ़ियां इस सेतु को बिहार के विकास की ऐतिहासिक यात्रा के प्रतीक के रूप में याद रखेंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘नीतीश सेतु’ बिहार की आर्थिक प्रगति, ग्रामीण विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
Leave A Reviews