
बिजुरी। अनूपपुर जिले के जमुना-कोतमा क्षेत्र अंतर्गत मलगा ग्राम में सोमवार को मुख्य सड़क के समीप अचानक भूमि धंसने (भूस्खलन/भूमि धंसाव) की घटना सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। सड़क के पास बने गहरे गड्ढे (गोप) को देखकर क्षेत्रवासी चिंतित हैं और संभावित बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और विस्थापन की प्रक्रिया पूरी किए बिना ही कथित रूप से भूमिगत (अंडरग्राउंड) खनन कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण भूमि धंसने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी, कोतमा एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से घटना के कारणों की जानकारी ली तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराया जाए, भूमि धंसाव के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच हो तथा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, मुआवजा और संभावित विस्थापन के संबंध में शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave A Reviews