
मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से पारिवारिक विवाद में गोलीबारी की एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। सुमावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम 'हटूपुरा घुरैया बसई' में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। इस भीषण गोलीबारी में दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान राजवीर गुर्जर और उनके सगे भाई अजब सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। दोनों मृतक रामजीलाल गुर्जर के बेटे थे।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे बसई गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। राजवीर और अजब सिंह को गंभीर गोलियां लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हिंसक वारदात में तीन अन्य लोग गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें विक्की गुर्जर और धीरज गुर्जर शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सुमावली थाना पुलिस और भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक/जमीनी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
Leave A Reviews