Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छतरपुर में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से युवक पर हमला


छतरपुर। जिले के पिपट थाना क्षेत्र के ग्राम रंगोली के मोटे का पुरवा में जमीन विवाद को लेकर पारिवारिक झगड़ा हिंसक हो गया। आरोप है कि बड़े भाई, भतीजे और पिता ने घर में घुसकर 37 वर्षीय युवक के साथ मारपीट की और कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसे घर में ही बंधक बनाकर रखने का आरोप है। पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंचा। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

बड़े भाई, भतीजे और पिता पर हमले का आरोप

जानकारी के अनुसार, घायल कैलाश राजपूत (37), पिता शंकरलाल राजपूत, निवासी रंगोली मोटे का पुरवा ने पुलिस को बताया कि बीते दिन शाम को वह अपने घर में लेटा हुआ था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई मलखान राजपूत, भतीजा अंकित राजपूत और पिता शंकर राजपूत घर में घुस आए।

कैलाश के आरोप के मुताबिक, तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ उसका ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

बाथरूम जाने का बहाना बनाकर निकला

पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे घर में ही बंधक बनाकर रखा था। इसके बाद उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और मौका मिलते ही वहां से निकलकर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घायल को पिपट थाने ले गई। वहां से उसे उपचार के लिए बिजावर अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

कैलाश को सुबह करीब 7 बजे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह जमीन का बंटवारा बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। संबंधित पक्षों के बयान और जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Date & Time : 2026-11-11 13:02:21

Share:

Leave A Reviews

Related News