Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल: जिला अस्पताल में डॉक्टर को थप्पड़ मारा, वीडियो सामने आने पर डॉक्टरों में आक्रोश


शहडोल। ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अस्पताल में लगे कैमरे या मौके पर बनाए गए वीडियो में एक युवक डॉ. नीरज जैसवाल को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान महिला सिविल सर्जन बीच-बचाव करती नजर आ रही हैं, जबकि मौके पर मौजूद सीएसपी ने डॉक्टर को बचाया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल के चिकित्सकों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

घटना 9 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। शहर की चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में डूबे तीन युवकों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। उनके साथ कई अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे थे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने तीनों की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर की टेबल पलटी, कर्मचारियों से भी गाली-गलौज

सिविल सर्जन की ओर से कोतवाली पुलिस को भेजे गए पत्र के मुताबिक, तीनों युवकों को मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल में मौजूद कुछ लोग नाराज हो गए। उन्होंने डॉक्टर की टेबल पर रखा सामान फेंक दिया और टेबल पलट दी। इस दौरान डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की गई।

पत्र के अनुसार, कुछ युवकों ने डॉ. नीरज जैसवाल का कॉलर पकड़कर उन्हें घेर लिया। इसी दौरान एक युवक ने डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया। घटना के समय महिला सिविल सर्जन ने बीच-बचाव किया और मौके पर मौजूद सीएसपी ने डॉक्टर को बचाया।

कोतवाली पहुंचकर डॉक्टरों ने की कार्रवाई की मांग

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने 10 नवंबर को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बुधवार को डॉक्टर अपना बयान दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।

पत्र में चिकित्सक संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के साथ ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

चिकित्सकों का कहना है कि अस्पताल में इस तरह की घटनाओं से डॉक्टरों और कर्मचारियों में डर का माहौल बनता है। उन्होंने अस्पताल में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Date & Time : 2026-11-11 12:55:09

Share:

Leave A Reviews

Related News