Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शाहजहांपुर में बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत

शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पुवायां क्षेत्र में एक अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार परिवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों— पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई।

रिश्तेदारी में जा रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगोही के रामनगर बगिया मोहल्ला निवासी अरुण कुमार अपनी पत्नी सीमा, छह वर्षीय बेटी दीक्षा और चार वर्षीय बेटे नैतिक के साथ बाइक पर सवार होकर खुटार स्थित अपनी एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर के वक्त जब वे पुवायां के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

मौके पर ही तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। अरुण, उनकी पत्नी सीमा और दोनों मासूम बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे मासूमों के शवों को देखकर वहां मौजूद राहगीरों की रूह कांप गई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस कार्रवाई और फरार चालक की तलाश

सूचना मिलते ही पुवायां पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक आर.के. रावत ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

गांव में पसरा मातम

जैसे ही इस भीषण हादसे की खबर निगोही स्थित अरुण के घर पहुँची, वहां कोहराम मच गया। एक साथ घर के चार सदस्यों की मौत की खबर से पूरे मोहल्ले और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बोलेरो की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक ने संतुलन खो दिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Share:

Leave A Reviews

Related News