Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सुलतानपुर में आंधी-तूफान का कहर, दो बच्चों समेत 7 की मौत, कई घायल

सुलतानपुर जिले में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई, जिसमें दो बच्चों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे शिववंश दुबे गांव निवासी 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी की मौत बिजली का खंभा गिरने से हो गई। महेंद्र अपनी बहन की शादी के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटा था और तिलक समारोह की तैयारी चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया।

बल्दीराय थाना क्षेत्र में भी आंधी-तूफान ने दो लोगों की जान ले ली। कस्बा माफियात में सुरेश कुमार सोनकर की 8 वर्षीय बेटी महिमा की मौत छप्पर पर ईंट गिरने से हो गई, जबकि सिंघनी गांव में 58 वर्षीय रामबरन पर पेड़ गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल में भर्ती हैं।

हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे निधई तिवारी मजरे डोभियारा में 35 वर्षीय रीता की कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से मौत हो गई। वहीं अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में 8 वर्षीय सुरेमन की मौके पर ही जान चली गई, जबकि विकास (16) और किशन (11) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अंबेडकरनगर में चल रहा है।

बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज दाऊदपुर में 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता की घर के पास जामुन का पेड़ गिरने से मौत हो गई। इसके अलावा कूरेभार थाना क्षेत्र के पटना मनीपुर में 70 वर्षीय केवला देवी की कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर जान चली गई।

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। इस भीषण आपदा ने एक बार फिर प्राकृतिक घटनाओं के प्रति सतर्कता और मजबूत व्यवस्थाओं की आवश्यकता को उजागर किया है।

 
Share:

Leave A Reviews

Related News