
दरभंगा सोना लूटकांड की जांच के दौरान बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया। नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में चल रहे सर्च अभियान के दौरान अचानक बम विस्फोट हो गया, जिसमें एसटीएफ के जवान समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को इनपुट मिला था कि दरभंगा लूटकांड से जुड़ा सोना वृंदावन इलाके में छिपाकर रखा गया है। इसी आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। संदिग्ध स्थान पर खुदाई के दौरान अचानक जमीन में दबा बम फट गया।
विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और आसपास का इलाका दहशत में आ गया। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा घायलों को अस्पताल भेजा गया।
इस घटना में कुल चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें विपिन कुमार ओझा और मृत्युंजय मंडल शामिल हैं। दो घायलों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने मौके पर कैंप कर जांच शुरू कर दी है। बम विस्फोट के पीछे की साजिश और लूटकांड से जुड़े कनेक्शन की जांच की जा रही है।
Leave A Reviews