नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के इतर मलेशिया, युगांडा, क्यूबा और ईरान के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
![]()
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के इतर मलेशिया, युगांडा, क्यूबा और ईरान के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्री जयशंकर ने मलेशिया के विदेश मंत्री मोहम्मद हसन से मुलाकात कर भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने इस वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निर्णयों पर आगे की कार्रवाई को लेकर भी चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मलेशिया के विदेश मंत्री मोहम्मद हसन से मिलकर हमेशा खुशी होती है। हमने व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस वर्ष की मलेशिया यात्रा के परिणामों पर फॉलो-अप की समीक्षा की।”
इसके अलावा, विदेश मंत्री ने युगांडा के विदेश मंत्री ओडोंगो जेजे अबुबाखर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने और कारोबारी संबंधों को विस्तार देने पर विचार-विमर्श किया।
जयशंकर ने एक्स पर कहा, “युगांडा के विदेश मंत्री ओडोंगो जेजे अबुबाखर के साथ शानदार बैठक हुई। हमारी दीर्घकालिक साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है। खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा, तकनीक के उपयोग और भारतीय समुदाय व कारोबारियों के जरिए मजबूत होते संबंधों पर चर्चा हुई।”
विदेश मंत्री जयशंकर ने क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज पर्रिला के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान स्वास्थ्य, विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित राजनयिक परामर्श के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी आदान-प्रदान किया गया।
जयशंकर ने कहा, “क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज पर्रिला से मुलाकात कर खुशी हुई। स्वास्थ्य, विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण पर सहयोग को लेकर चर्चा हुई। साथ ही दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित परामर्श के लिए एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ।”
इससे पहले दिन में जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और उसके व्यापक प्रभावों के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।
जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री की ब्रिक्स भारत 2026 विदेश मंत्रियों की बैठक में भागीदारी की सराहना करते हुए कहा, “दिल्ली में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ विस्तृत बातचीत हुई। पश्चिम एशिया की स्थिति और उसके प्रभावों पर चर्चा की गई। साथ ही द्विपक्षीय हितों के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।”
--आईएएनएस
डीएससी
Leave A Reviews