रामनगर। क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बीएसएनएल की नेटवर्क सेवाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलिंग से लेकर इंटरनेट सेवाओं तक सब कुछ प्रभावित है, जिसके चलते आमजन, छात्र और व्यापारी सभी परेशान हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरसरी पहाड़ क्षेत्र में बार-बार केबल कटने की समस्या के कारण नेटवर्क बाधित हो रहा है। इसके अलावा रामनगर दूरभाष केंद्र में बैटरी बैकअप पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिसके कारण बिजली जाते ही नेटवर्क पूरी तरह बंद हो जाता है। स्थिति और गंभीर तब हो जाती है जब वहां मौजूद जनरेटर भी खराब होकर कबाड़ बन चुका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दूरभाष केंद्र में कोई स्थायी अधिकारी या ऑपरेटर तैनात नहीं है। ठेकेदारी व्यवस्था के तहत एक केयरटेकर ही लाइनमैन से लेकर जेटीओ तक की जिम्मेदारी निभा रहा है, जिससे तकनीकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बीएसएनएल के सस्ते प्लान का लाभ उन्हें महीने में केवल 3-4 दिन ही मिल पाता है, बाकी समय नेटवर्क गायब रहता है। इससे क्षेत्र में अन्य निजी कंपनियों के नेटवर्क की मांग बढ़ रही है और बीएसएनएल के उपभोक्ता लगातार कम हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि संचार सेवाएं सुचारू रूप से बहाल हो सकें और आमजन को राहत मिल सके।
Leave A Reviews