Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सौसर के फ्लाईओवर पर पकड़ाई अवैध शराब से भरी कार


सौसर।  छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले की सीमा से महाराष्ट्र में जारी अवैध शराब की अंतर्राज्यीय तस्करी पर सौंसर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। हाइवे स्थित सौंसर ओवरब्रिज पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक कार से 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए महाराष्ट्र वर्धा के दो तस्करों को दबोच लिया।

​पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि छिंदवाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब भरकर महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीआई रूपलाल उईके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत ओवरब्रिज पर सख्त नाकाबंदी की। शाम करीब साढ़े चार बजे छिंदवाड़ा की ओर से आ रही कार क्रमांक एमएच 15 एफएफ 0309 को रोककर तलाशी ली गई।

कार की डिक्की और सीटों के नीचे छिपाई थी शराब 

तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की और सीटों के नीचे बने गुप्त ठिकानों से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 25 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

वर्धा निवासी दो आरोपी गिरफ्तार 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया। आरोपियों की शिनाख्त प्रसील पिता बंडू 30 वर्ष, निवासी अंबेडकर नगर, र्और रोहित पिता प्रवीण सिरसागर 23 वर्ष निवासी अरबी नाका, वर्धा के रूप में हुई है।

​ठेकेदारों और अंतर्राज्यीय सिंडिकेट से तार जुड़े होने की आशंका 

टीआई रूपलाल उईके ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि शराब किस ठेके या गोदाम से उठाई गई थी और महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे दी जानी थी। प्रारंभिक जांच में इस पूरे नेटवर्क के तार छिंदवाड़ा शराब ठेकेदारों और अंतर्राज्यीय तस्करी सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

गौरतलब है कि वर्धा में शराब बंदी है जिसके चलते शराब तस्कर सक्रिय रहते हैं।

Date & Time : 2026-11-06 14:33:18

Share:

Leave A Reviews

Related News