Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी पर सीएम मोहन यादव का पलटवार, शिक्षा और रोजगार के आंकड़े रखे सामने


इंदौर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से राज्य की शिक्षा और रोजगार व्यवस्था को लेकर की गई आलोचना पर पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा पर बढ़े खर्च के साथ मेडिकल शिक्षा, बिजली उत्पादन और सरकारी भर्तियों से जुड़े आंकड़े पेश करते हुए राज्य की प्रगति का दावा किया।

इंदौर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से राज्य की शिक्षा और रोजगार व्यवस्था को लेकर की गई आलोचना पर पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा पर बढ़े खर्च के साथ मेडिकल शिक्षा, बिजली उत्पादन और सरकारी भर्तियों से जुड़े आंकड़े पेश करते हुए राज्य की प्रगति का दावा किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव की प्रतिक्रिया राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बाद आई। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने शिक्षा, बेरोजगारी, भर्ती, परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और छात्रवृत्ति समेत कई मुद्दे उठाए थे।

छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं को अवसर देने के साथ ऐसी व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें वे सवाल पूछ सकें और अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

राहुल गांधी ने पेपर लीक, भर्ती में देरी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्तियों में देरी और परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि छात्रों और उनके भविष्य जैसे मुद्दों पर चर्चा तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए, न कि ऐसे आरोपों के आधार पर जिनसे भ्रम पैदा हो।

मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है तो तथ्य और आंकड़े सामने रखे जाने चाहिए। आज के कार्यक्रम में तथ्यों के बजाय भ्रम पैदा करने का प्रयास किया गया।" उन्होंने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को "झूठ की गूंज" करार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश ने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। संदीपनी स्कूलों समेत विभिन्न योजनाओं और पहलों के जरिए स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की दर को शून्य तक लाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 में स्कूल शिक्षा का बजट करीब 2,000 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 38,658 करोड़ रुपए हो चुका है। राज्य सरकार मेधावी विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी भी उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, 2002-03 में मध्य प्रदेश में ड्रॉपआउट दर करीब 16 प्रतिशत थी। अब इसे शून्य तक लाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

मोहन यादव ने प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के विस्तार से जुड़े आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि 1956 से 2002-03 के बीच मध्य प्रदेश में केवल पांच मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 33 हो गई है। इसी तरह मेडिकल की सीटें करीब 680 से बढ़कर 7000 से ज्यादा हो गई हैं।

रोजगार और सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। करीब 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण के बाद पुलिस सेवा में शामिल किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है, जबकि सात हजार व्याख्याताओं की भर्ती पहले ही की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर नेता प्रतिपक्ष मध्य प्रदेश के लोगों के साथ संवाद करना चाहते हैं तो उन्हें तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर प्रदेश के विकास की बात करनी चाहिए।

मोहन यादव ने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002-03 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.59 लाख रुपए हो गई है।

उन्होंने दावा किया कि राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता भी करीब 5,000 मेगावाट से बढ़कर लगभग 32,000 मेगावाट हो गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, ये आंकड़े शिक्षा, रोजगार, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में मध्य प्रदेश की प्रगति को दिखाते हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-09-20 00:00:02

Share:

Leave A Reviews

Related News