
छतरपुर जिले अंतर्गत मातगुवां थाना क्षेत्र के रनगुवा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। गांव के पास स्थित 'राजू बाबा की तलैया' में नहाने के दौरान 12 वर्षीय एक किशोर और उसे बचाने के प्रयास में 22 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
तलैया पार करने की होड़ में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रनगुवा निवासी भरमजीत बंसल (12) पिता भगवानदास, किशन बंसल (22) पिता नत्थू बंसल अपने अन्य साथियों के साथ राजू बाबा की तलैया में नहाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय बच्चों के बीच तलैया तैरकर पार करने की रेस लग गई। इसी दौरान भरमजीत तलैया के बीच में अधिक गहराई वाले हिस्से में चला गया और पानी में डूबने लगा।
डूबते किशोर को बचाने कूदा युवक, दोनों समाए गहरे पानी में
भरमजीत को छटपटाते देख किनारे पर मौजूद किशन बंसल ने बिना समय गंवाए उसे बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी का भंवर और अत्यधिक गहराई होने के कारण किशन का संतुलन बिगड़ गया और वह भी भरमजीत के साथ गहरे पानी में समा गया। मौके पर मौजूद अन्य साथियों के चीखने-पुकारने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन और ग्रामीण दोनों को तत्काल अचेत अवस्था में जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत किशन और भरमजीत दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
छतरपुर सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे तालाब पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी 12 वर्षीय बालक डूबने लगा और 22 वर्षीय युवक उसे बचाने के चक्कर में हादसे का शिकार हो गया। मातगुवां थाना पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और मामले में विस्तृत जांच जारी है।
Leave A Reviews