
छिंदवाड़ा/ रीवा. सेमरिया विधानसभा के कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के साथ फोन पर अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। अज्ञात कॉलर ने विधायक को फोन कर गाली-गलौज की और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। विधायक ने इस मामले की शिकायत चोरहटा थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद प्राथमिक रिपोर्ट छिंदवाड़ा पुलिस को भेज दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विधायक अभय मिश्रा की कंस्ट्रक्शन कंपनी छिंदवाड़ा जिले के बटकाखापा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रही है। इसी दौरान 5 अक्टूबर को निरीक्षण से लौटते वक्त उन्हें एक फोन कॉल आया। कॉलर ने पहले रीवा के एक मंत्री और अधिकारी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की और बाद में खुद विधायक से भी गाली-गलौज करने लगा।
विधायक ने फोन काट दिया और नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया। शिकायत में उन्होंने बताया कि कॉल करने वाला व्यक्ति नशे में था। जांच में सामने आया कि कॉल सतीश उर्मलिया नामक व्यक्ति के नाम पंजीकृत नंबर से की गई थी।
चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि मामला छिंदवाड़ा जिले के बटकाखापा थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण FIR वहीं ट्रांसफर की गई है। छिंदवाड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/25 के तहत केस दर्ज किया है और साइबर सेल की मदद से कॉलर की पहचान की जा रही है।
अब साइबर टीम कॉलर की लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और डिवाइस आईडी ट्रैक कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान जल्द उजागर कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक अभय मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को गाली देने या धमकाने जैसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं और ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
Leave A Reviews