
चिचोली। चिचोली से भीमपुर तक करोड रुपए की लागत से करीब 18 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। सड़क पर डामरीकरण नहीं होने से परेशान नसीराबाद सहित आसपास के ग्रामीणों ने गुरुवार को तहसीलदार श्याम सिंह उईके को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र डामरीकरण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सात दिनों के भीतर सड़क पर डामरीकरण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व सड़क की खुदाई कर गिट्टी डाल दी गई थी, लेकिन इसके बाद से डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते आसपास के गांवों के रहवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों के आवागमन से दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
वहीं सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बड़े वाहनों के टायरों से गिट्टियां उछलकर पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को लगने से चोटिल होने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ ही तहसीलदार को भी ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन को सात दिन का समय देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में डामरीकरण कार्य प्रारंभ नहीं होने पर समस्त ग्रामवासी नसीराबाद स्थित अटल चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा चक्काजाम किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर एवं थाना प्रभारी सिकलई को भी प्रेषित की गई है।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता दीपचंद आर्य, भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष संतोष यादव, बलदेव यादव, राकेश आर्य, सत्यम आर्य, रमन आर्य, मनोज यादव, करण पांसे, कोमल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Leave A Reviews