Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मध्य प्रदेश में 25 सितंबर को शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा: सीएम मोहन यादव


इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 25 सितंबर को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की शुरुआत होने वाली है, जो प्रदेशवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात होगी।

सीएम मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित दो दिवसीय 'यात्री परिवहन विजन समिट 2026' का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश में हाईस्पीड ट्रेन, लॉजिस्टिक कॉरिडोर, इंड्रस्ट्रियल कॉरिडोर समेत हाईवे का जाल बिछ रहा है, जिससे देश की तस्वीर बदल रही है। इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ होगा। इसी कड़ी में 25 तारीख को यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। आमजन के लिए सार्वजनिक परिवहन का विशेष महत्व है। बस सेवा से प्रदेश के लोगों को बेहतर और आसान आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बस सेवा के विस्तार से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। लंबे समय से बंद पड़ी राज्य परिवहन बस सेवा को नई संजीवनी मिली है। उन्होंने आगे कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी सैन्य शक्ति भारत है। दुश्मन को उसके घर में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देने का साहस भारतीय सेना में है। देश की धरती से माओवादियों को समाप्त करने का काम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने किया है। नक्सलियों ने जन-अदालत के नाम पर निर्दोष लोगों की जघन्य हत्या की और पुलिस-प्रशासन केवल देखता रहता था। लाल सलाम को अंतिम सलाम मोदी सरकार ने किया है।

देश में सड़कों के बिछते जाल की चर्चा करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 74 हजार किलोमीटर के राजमार्ग सबसे तेज गति से बने हैं तो वहीं सबसे तेज गति से दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर विकसित हुआ है। देश के बीच में मध्य प्रदेश होने से कम समय में दिल्ली और मुंबई पहुंचा जा रहा है। लोक परिवहन की आवश्यकता समय के साथ सार्वजनिक सेवाओं की अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य में मौजूद 15 हजार से ज्यादा बसें तथा 5 लाख किलोमीटर सड़क नेटवर्क लोगों के सुगम परिवहन की दिशा में महत्त्वपूर्ण सिद्ध होगा।

उन्होंने आगे कहा कि देश में सुशासन और विकास का वातावरण बना है। भोपाल और इंदौर में मेट्रो का संचालन हो रहा है और प्रदेश के एयरपोर्ट विश्वस्तरीय बन रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में ई-व्हीकल्स का संचालन शुरू हो रहा है। मध्य प्रदेश में बने इलेक्ट्रिक व्हीकल इंजन देश और दुनिया में सप्लाई हो रहे हैं।

Date & Time : 2026-09-11 18:10:03

Share:

Leave A Reviews

Related News