
बैतूल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार दोपहर बैतूल पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसभा के बीच बैतूल, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम संभाग के करीब 3 लाख 69 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को लगभग 30 करोड़ रुपये की बोनस राशि का अंतरण किया। भोपाल से रवाना होकर मुख्यमंत्री दोपहर करीब डेढ़ बजे मिलानपुर स्थित हेलीपैड पर उतरे। हेलीपैड पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैतूल और आसपास के अंचल को 443 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन और लोकार्पण की सौगात भी सौंपी।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के उपरांत मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की विकास प्रदर्शनी का बारीकी से मुआयना किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद छोटे बच्चों को अपनी गोद में उठाकर दुलारा और परिजनों से संवाद किया। जनसभा में बैतूल के स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पड़ोसी छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जिलों से भी हजारों की संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक और अन्य हितग्राही पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने मंच से दोहराया कि सरकार जनजातीय और वनवासी क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बैतूल आगमन को लेकर युवा कांग्रेस ने काले झंडे दिखाने और विरोध प्रदर्शन करने का पूर्व ऐलान कर रखा था। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुबह से ही एहतियातन कड़े कदम उठाए। पुलिस टीमों ने विभिन्न इलाकों में दबिश देकर युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव सरफराज खान, राजेश गावंडे, राहुल परते, राजा सोनी, अमन खान, निलेश धुर्वे, मोहित खातरकर, नितिन विश्वास, सुमित और यश साहू सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं को उनके घरों से हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को बैतूल कोतवाली थाने में रखा गया है। वहीं पुलिस टीम जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय सरदार यादव की तलाश कर रही है।
Leave A Reviews