Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल के जैतपुर में जीप की टक्कर से बेलिया के दो युवकों की मौत


शहडोल जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ाघाट में झिंकीबिजुरी मार्ग पर ठाकुर बाबा के समीप घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलिया निवासी बद्री प्रसाद दास (37 वर्ष) अपने साथी सुरेंद्र जायसवाल (38 वर्ष) के साथ दोपहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान जैतपुर की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक आ रही एक काले रंग की जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बद्री प्रसाद दास ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल में दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम, बेलिया गांव में पसरा मातम

दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र जायसवाल को तत्काल जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी भी सांसें थम गईं। दोनों मृतक आपस में गहरे मित्र थे और एक ही गांव बेलिया के निवासी थे। एक साथ दो युवकों की असामयिक मौत की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मर्ग कायम कर जांच में जुटी जैतपुर पुलिस, जीप चालक की तलाश

जैतपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह (मरचुरी) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाली काले रंग की जीप और उसके चालक की भूमिका की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Date & Time : 2026-10-31 09:53:14

Share:

Leave A Reviews

Related News