Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गंजबासौदा में कलियुगी पिता की हैवानियत: नशे में 10 साल के मासूम को बाइक से घसीटा, चारों बच्चे बाल गृह भेजे गए


गंजबासौदा. मध्य प्रदेश के विदिशा जिले अंतर्गत आने वाले गंजबासौदा के ग्राम पड़रिया शिवरामपुर से पिता की क्रूरता की एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में अपने ही 10 साल के मासूम बेटे के हाथ-पैर बांधकर उसे मोटरसाइकिल से बांध दिया और गांव की गलियों में घसीट दिया. ग्रामीणों की सतर्कता से बच्चे की जान बच सकी.

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) ने पीड़ित बच्चे समेत उसके चारों भाई-बहनों को भोपाल स्थित सुरक्षित बाल गृह (Child Home) भेज दिया है.

अलमारी टूटने पर दी अमानवीय सजा
जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 जुलाई की रात की है. आरोपित पिता अत्यधिक शराब पीने का आदी है. घर में अलमारी टूट जाने की बात पर उसने अपने 10 वर्षीय बेटे को बांधकर बाइक से घसीटना शुरू कर दिया. बच्चे की चीख-पुकार सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए और पिता के चंगुल से मासूम को छुड़ाया.

इसके बाद गांव के सरपंच लक्ष्मण सिंह दांगी ने तत्काल घायल बच्चे और उसके भाई-बहनों को अस्पताल पहुंचाया तथा अंबानगर पुलिस चौकी और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) को सूचना दी.

CWC के हस्तक्षेप के बाद चारों बच्चे सुरक्षित
घटना की जानकारी मिलने के बाद सत्यार्थी मूवमेंट फॉर ग्लोबल कम्पैशन के कार्यकर्ता और सामाजिक संस्थाएं सक्रिय हुईं. बच्चों की दादी उन्हें लेकर चली गई थीं, लेकिन सरपंच की मदद से उन्हें सुरक्षित तलाश कर बाल कल्याण समिति (विदिशा) के समक्ष पेश किया गया.

समिति के निर्देश पर बच्चों का मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई गई. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारों मासूमों को सुरक्षित आश्रय के लिए भोपाल बाल गृह भेजा गया है.

गांव में आक्रोश, आरोपित पर FIR दर्ज
आरोपित पिता के खिलाफ किशोर न्याय (बाल देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम (Juvenile Justice Act) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि आरोपित लंबे समय से बच्चों के साथ मारपीट करता आ रहा है. सरपंच और ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.

Share:

Leave A Reviews

Related News