Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

चुनावी हार के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो के अमेरिका जाने की खबर से ब्राजील में सियासी घमासान


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और लिबरल पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो के मंगलवार को अमेरिका रवाना होने की खबरों ने देश में राजनीतिक विवाद तेज कर दिया है। बताया गया है कि वह अपने सामान्य और राजनयिक पासपोर्ट सुप्रीम कोर्ट की निर्धारित समयसीमा के भीतर जमा करने में विफल रहे थे। इसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के बीच उनके पासपोर्ट रद्द कर दिए गए। हालांकि, उन्होंने किसी भी गलत काम से इनकार किया है।

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और लिबरल पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो के मंगलवार को अमेरिका रवाना होने की खबरों ने देश में राजनीतिक विवाद तेज कर दिया है। बताया गया है कि वह अपने सामान्य और राजनयिक पासपोर्ट सुप्रीम कोर्ट की निर्धारित समयसीमा के भीतर जमा करने में विफल रहे थे। इसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के बीच उनके पासपोर्ट रद्द कर दिए गए। हालांकि, उन्होंने किसी भी गलत काम से इनकार किया है।

फ्लावियो बोल्सोनारो को रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के हाथों हार का सामना करना पड़ा। आधिकारिक मतगणना के अनुसार, लूला को 51.79 प्रतिशत वैध वोट मिले, जबकि बोल्सोनारो को 48.21 प्रतिशत वोट हासिल हुए।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, ब्राजील में 4 अक्टूबर को पहले दौर के मतदान के बाद रविवार को राष्ट्रपति चुनाव का दूसरा दौर हुआ था। पहले दौर में किसी भी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इस जीत के साथ लूला चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका शपथ ग्रहण 5 जनवरी 2027 को निर्धारित है और उनका कार्यकाल चार साल का होगा।

चुनाव परिणाम आने के बाद बोल्सोनारो ने राजधानी ब्रासीलिया में कहा कि परिणामों को स्वीकार करना 'असंभव' है। उन्होंने चुनाव रद्द करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के समय में दो घंटे की बढ़ोतरी से मतदाताओं के साथ असमान व्यवहार हुआ। परिवहन व्यवस्था में बाधा और भारी बारिश से प्रभावित मतदान केंद्रों पर समय बढ़ाया गया था।

बोल्सोनारो का दावा था कि कुछ क्षेत्रों में मतदान केंद्र दोबारा नहीं खुलने के कारण वहां के मतदाताओं को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी कानूनी टीम चुनाव परिणामों को चुनौती देगी।

हालांकि, बोल्सोनारो की लिबरल पार्टी ने सोमवार को औपचारिक रूप से लूला की जीत स्वीकार कर ली। चुनाव में बोल्सोनारो का समर्थन करने वाली अन्य दक्षिणपंथी और मध्य-दक्षिणपंथी पार्टियों, जिनमें रिपब्लिकन्स, ब्राजीलियन डेमोक्रेटिक मूवमेंट और प्रोग्रेसिव्स शामिल हैं, ने भी लूला की जीत को मान्यता दी। इन दलों ने चुनाव रद्द करने या नए चुनाव कराने की मांग का समर्थन नहीं किया।

ब्राजील के मीडिया ने सोमवार को खबर दी थी कि सुप्रीम फेडरल कोर्ट के न्यायाधीश अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने बोल्सोनारो को अपने पासपोर्ट संघीय पुलिस को सौंपने का आदेश दिया था। साथ ही, उनके देश छोड़ने पर भी रोक लगाई गई थी।

ब्राजील की सार्वजनिक समाचार एजेंसी एजेंसिया ब्राजील के अनुसार, यह आदेश बोल्सोनारो और वकील विलर तोमाज से जुड़े मामले की जांच के तहत दिया गया था। जांच में मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह और खेल सट्टेबाजी उद्योग से जुड़ी कंपनियों के साथ वित्तीय संबंधों की पड़ताल की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, बोल्सोनारो अपने पिता पर बन रही एक बायोपिक फिल्म के वित्तपोषण को लेकर भी जांच के दायरे में हैं। जांच एजेंसियां फिल्म के निर्माण के लिए इस्तेमाल किए गए धन के स्रोत का पता लगा रही हैं।

बोल्सोनारो ने सोमवार को कहा था कि वह पासपोर्ट जमा करने के अनुरोध का पालन करेंगे। अपने पिता से मुलाकात के बाद उन्होंने देश छोड़कर भागने की योजना से भी इनकार किया था। उनके पिता जायर बोल्सोनारो 2022 के चुनाव में हार के बाद तख्तापलट की साजिश रचने के मामले में 27 साल और तीन महीने की सजा काट रहे हैं तथा घर में नजरबंद हैं। उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है। हालांकि, फ्लावियो बोल्सोनारो मंगलवार को समयसीमा समाप्त होने से पहले अपने दस्तावेज जमा नहीं कर सके। इसके बाद उनके पासपोर्ट रद्द कर दिए गए। बाद में उनके अमेरिका रवाना होने की खबर सामने आई, लेकिन उनके यात्रा मार्ग की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

इसी बीच, अमेरिकी मीडिया ने मंगलवार को विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिका बोल्सोनारो और उनके परिवार को प्रवेश की अनुमति देने के लिए वीजा जारी करेगा। इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए लूला ने अल्वोरादा पैलेस के बाहर एकत्र समर्थकों से कहा, "मुझे अफसोस है कि वह ब्राजील छोड़कर चले गए... उनका ब्राजील छोड़ने का फैसला शर्मनाक है।"

लूला ने अदालत के आदेश के बावजूद पासपोर्ट जमा नहीं करने को लेकर भी बोल्सोनारो की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बोल्सोनारो को अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना करने के लिए ब्राजील में ही रहना चाहिए था। लूला ने याद दिलाया कि 2018 में जब उन्हें अपना पासपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया था, तब उन्होंने ऐसा किया था और अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए ब्राजील में ही रहने का फैसला किया था। हालांकि, बोल्सोनारो के देश छोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ब्राजील के मीडिया के अनुसार, देश की आव्रजन नियंत्रण प्रणाली में ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है, जिससे पता चले कि उन्होंने नियमित सीमा जांच प्रक्रिया के जरिए ब्राजील छोड़ा। संघीय पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह देश से बाहर गए हैं या नहीं और यदि गए हैं तो किस रास्ते से।

अर्जेंटीना के आव्रजन विभाग ने कथित तौर पर बुधवार को बताया कि बोल्सोनारो और उनका परिवार मंगलवार देर रात एक निजी विमान से इक्वाडोर के लिए रवाना हुआ था। हालांकि, इक्वाडोर के विदेश मंत्रालय ने इस बयान पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। फिलहाल बोल्सोनारो और उनके परिवार की मौजूदा लोकेशन स्पष्ट नहीं है। इससे पहले सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को 'एक और धांधली वाला चुनाव' जैसा बताया था। उन्होंने मतदान का समय बढ़ाए जाने के फैसले को भी 'बहुत अजीब' करार दिया था।

ब्राजील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन ने ट्रंप के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव में धांधली के दावे का समर्थन करने वाला कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा, "सबसे पहले, किसी दूसरे देश की राजनीति में हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए। यह एक बुनियादी सिद्धांत है। ब्राजील इलेक्ट्रॉनिक मतदान और कानूनी सुरक्षा उपायों के मामले में वास्तव में दुनिया के लिए एक उदाहरण है। लोकतंत्र इसी तरह काम करता है। आप चुनाव जीतते हैं या हारते हैं और फैसला जनता करती है।"

इस बीच, ब्राजील के सुप्रीम फेडरल कोर्ट ने मंगलवार को संघीय पुलिस को देश की चुनावी प्रक्रिया में संभावित विदेशी हस्तक्षेप की जांच शुरू करने का आदेश दिया। न्यायाधीश फ्लावियो डिनो के आदेश में ऐसे संकेतों का उल्लेख किया गया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के एल्गोरिदम में कथित तौर पर बदलाव कर रूढ़िवादी उम्मीदवार बोल्सोनारो को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई।

--आईएएनएस

डीएससी

Date & Time : 2026-10-28 19:35:04

Share:

Leave A Reviews

Related News