Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अनूपपुर में किराए के मकान की छत पर फंदे से लटकी मिली 20 वर्षीय छात्रा की लाश


अनूपपुर नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 9, बिहारी कॉलोनी में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का शव किराए के मकान की छत पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

सहेलियों ने सबसे पहले देखा शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गायत्री सिंह (20 वर्ष), पिता पवन सिंह, निवासी ग्राम बहोरीटोला (केकरपानी) के रूप में हुई है। गायत्री यहाँ भारत सिंह राठौर के मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रही थी। शनिवार सुबह मकान के अन्य कमरों में रहने वाली लड़कियों ने सबसे पहले गायत्री का शव छत पर सीलिंग हुक से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक को दी, जिसके बाद मकान मालिक ने परिजनों और कोतवाली पुलिस सहित डायल 112 को सूचित किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और विवेचक सब-इंस्पेक्टर (SI) त्रिलोक सिंह वालरे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

कुछ दिन पहले ही कॉलेज में लिया था एडमिशन

जांच में सामने आया है कि गायत्री पिछले साल अनूपपुर में ही रहकर डीसीए (DCA) का कोर्स कर चुकी थी। हाल ही में उसने पीएम श्री तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। वह करीब 15-20 दिन पहले ही कॉलेज की फीस और पैसों का इंतजाम करने अपने गांव गई थी और एक महीने पहले ही गांव के रन्नु यादव नाम की युवती के साथ यहां शेयरिंग में कमरा लेकर रहने आई थी।

देर रात की आशंका, मर्ग कायम

अन्य किराएदार लड़कियों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे तक सभी लोग जगे हुए थे। पुलिस का अनुमान है कि सबके सो जाने के बाद रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच गायत्री छत पर गई होगी और यह आत्मघाती कदम उठाया। गायत्री के साथ कमरे में रहने वाली दूसरी लड़की भी कुछ दिनों से अपने गांव गई हुई थी, जिससे गायत्री कमरे में अकेली थी। अन्य युवतियों के मुताबिक, गायत्री स्वभाव से थोड़ी शांत थी और दूसरों से कम बातचीत करती थी।

मृतका के परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बड़ी बहन हैं। पिता खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और छात्रा के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रही है।

Share:

Leave A Reviews

Related News