Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

धार: धामनोद में अनियंत्रित होकर पलटी स्कॉर्पियो, 1 की मौत और दूसरा गंभीर


धार जिले अंतर्गत धामनोद कस्बे में शुक्रवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार (क्रमांक MP 09 BP 5879) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराने के बाद खेत में जाकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में महेश्वर निवासी 25 वर्षीय दक्ष उर्फ बाबू यादव, पिता सुभाष यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी संदीप गहलोत गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सड़क किनारे करीब चार से पांच बार गुलाटियां खाते हुए खेत में जा गिरा, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल संदीप का एक पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद संदीप को अत्यंत नाजुक हालत में इंदौर के अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका सघन उपचार जारी है।

महेश्वर लौट रहे थे सवार, क्रेन की मदद से खेत से बाहर निकाली गई गाड़ी

जानकारी के अनुसार महेश्वर निवासी पांच युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर महेश्वर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वाहन धामनोद नगर के आईटीआई ग्राउंड के समीप पहुंचा, तभी चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और तेज गति के कारण यह भयानक हादसा हो गया। वाहन में सवार अन्य युवकों और चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया गया।

घटना के बाद खेत में बुरी तरह फंसी क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। स्थानीय पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम किया। पुलिस टीम अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों, वाहन की गति और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Date & Time : 2026-10-23 09:37:38

Share:

Leave A Reviews

Related News