
धार. जिले के सिरसोदिया गांव में शनिवार 7 मार्च की सुबह उस समय युद्ध जैसे हालात बन गए, जब सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुँचे प्रशासनिक और पुलिस अमले पर ग्रामीणों ने अचानक पत्थरों से हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में धामनोद थाना प्रभारी (TI) और एक महिला आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उपद्रवियों ने तहसीलदार के शासकीय वाहन को भी निशाना बनाया और उसके कांच फोड़ दिए.
सुबह 10 बजे भड़की हिंसा
प्रशासनिक टीम सुबह करीब 10 बजे जैसे ही दल-बल के साथ सिरसोदिया गांव में अवैध कब्जे हटाने पहुँची, ग्रामीणों का विरोध शुरू हो गया. देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया.
घायलों की स्थिति: पथराव की चपेट में आने से धामनोद टीआई प्रवीण ठाकरे और एक महिला कांस्टेबल को सिर और शरीर पर चोटें आई हैं. दोनों को तत्काल एम्बुलेंस से धामनोद अस्पताल रेफर किया गया है.
हाईवे पर जाम: हमले के दौरान मची अफरा-तफरी से पास स्थित हाईवे पर भी कुछ देर के लिए आवागमन ठप हो गया.
भारी पुलिस बल तैनात, एसडीएम मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए मनावर एसडीएम और जिले के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे. स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है.
तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त: उपद्रवियों ने तहसीलदार की गाड़ी को घेरकर उस पर पत्थर बरसाए, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
प्रशासनिक रुख: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है.
Leave A Reviews