
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महेबा में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में लगभग 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही बोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामला रहस्यमयी बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे ग्रामीणों ने लहर तालाब के पास स्थित बलिराम पटेल के खेत में एक अधेड़ व्यक्ति को मृत अवस्था में देखा। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक के शव के ठीक पास लकड़ियों का एक भारी गट्ठर भी पड़ा मिला है। इस परिस्थिति को देखते हुए ग्रामीण और पुलिस दोनों ही मामले को संदिग्ध मान रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति लकड़ियां लेकर जा रहा था, तभी उसके साथ कोई अनहोनी हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बोरी चौकी पुलिस बल ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। स्थानीय स्तर पर पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक थी, किसी दुर्घटना की वजह से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।
शाहनगर थाना पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों और थानों में हुलिए की जानकारी साझा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद मामले की कड़ियां जुड़ सकेंगी। वर्तमान में पुलिस मर्ग कायम कर हर संभावित पहलू से मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
Leave A Reviews