
मैहर. मां शारदा मंदिर मैहर के रोपवे में तैनात सुरक्षा गार्डों को आपातकालीन परिस्थितियों में दर्शनार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं बचाव कार्य करने के लिए विशेष प्रशिक्षण मां शारदा मंदिर प्रांगण में दिया गया. यह प्रशिक्षण रिटायर्ड नेवी अधिकारी श्री सतीश साहू द्वारा प्रदान किया गया.
प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्परता से कार्य करने, दर्शनार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा बचाव दल के सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के संबंध में जानकारी दी गई. प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल एलसीडी टीवी के माध्यम से विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से संबंधित वीडियो दिखाकर व्यावहारिक तरीके से समझाया गया.

रोपवे में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण माह में दो बार आयोजित किया जाता है, ताकि सुरक्षा गार्ड किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहें.
इस अवसर पर मंदिर समिति श्री सी बी पटेल, रोपवे इंचार्ज श्री अशरफ, श्री राकेश झा, श्री अखिलेश सिंह सहित रोपवे के कर्मचारी तथा महिला एवं पुरुष सुरक्षा गार्ड उपस्थित रहे.
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मां शारदा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी बचाव कार्य के लिए सुरक्षा कर्मियों को सक्षम बनाना है.
Leave A Reviews